बंगाल की खाड़ी से उठा भयंकर चक्रवात, सोनभद्र प्रशासन अलर्ट।

बंगाल की खाड़ी से उठा भयंकर चक्रवात, सोनभद्र प्रशासन अलर्ट। 



(रिपोर्ट - बृजेश कुमार सिंह/सोनभद्र)




सोनभद्र। चक्रवाती तूफान ‘अर्णब’ के प्रभाव से संभावित भारी वर्षा एवं तेज हवाओं के दृष्टिगत जिलाधिकारी ने संबंधित विभागों के साथ की वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग, सतर्कता एवं बचाव की तैयारियां सुनिश्चित करने के दिए निर्देश। 

भारत मौसम विज्ञान विभाग, मौसम केंद्र लखनऊ द्वारा जारी विशिष्ट मौसम बुलेटिन के अनुसार बंगाल की खाड़ी में विकसित अति प्रचंड चक्रवाती तूफान ‘अर्णब’ के प्रभाव से जनपद सोनभद्र सहित पूर्वी उत्तर प्रदेश में आगामी दिनों में मौसम प्रभावित होने तथा तेज हवाओं, मेघगर्जन, वज्रपात एवं भारी से बहुत भारी वर्षा की संभावना व्यक्त की गई है।

उक्त मौसम पूर्वानुमान के दृष्टिगत आज दिनांक 27 अक्टूबर 2026 को जिलाधिकारी एवं अध्यक्ष, जिला आपदा प्रबंधन प्राधिकरण, सोनभद्र की अध्यक्षता में संबंधित विभागों के अधिकारियों के साथ वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से बैठक आयोजित की गई। बैठक में संभावित चक्रवाती तूफान के प्रभाव से उत्पन्न होने वाली परिस्थितियों से निपटने, जन-धन की सुरक्षा सुनिश्चित करने तथा आपदा पूर्व तैयारियों की समीक्षा करते हुए संबंधित विभागों को आवश्यक दिशा-निर्देश जारी किए गए।

मौसम विभाग के जनपद स्तरीय पूर्वानुमान के अनुसार 28 अक्टूबर को सोनभद्र में मेघगर्जन एवं वज्रपात के साथ 30-40 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से चलने वाली हवाओं के झोंके 50 किमी प्रति घंटे तक पहुंचने की संभावना है। वहीं 29 एवं 30 अक्टूबर को भारी से बहुत भारी वर्षा तथा 40-50 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चलने की आशंका है।

जिलाधिकारी द्वारा दिए गए प्रमुख निर्देशः-

जिलाधिकारी ने सभी संबंधित विभागों को निर्देशित किया कि संभावित प्रतिकूल मौसम की स्थिति को देखते हुए अपने-अपने विभागों की तैयारियां तत्काल सुनिश्चित करें तथा किसी भी आपात स्थिति से निपटने के लिए पूरी सतर्कता एवं आपसी समन्वय के साथ कार्य करें।

जिलाधिकारी ने निर्देश दिए कि सभी संबंधित अधिकारी अपने-अपने क्षेत्रों में सतर्कता बनाए रखें, किसी भी संभावित घटना के प्रति लापरवाही न बरतें तथा जनसामान्य तक मौसम संबंधी चेतावनियों एवं आवश्यक सुरक्षा उपायों का व्यापक प्रचार-प्रसार सुनिश्चित करें।

जनपदवासियों से विशेष अपील

जिला प्रशासन ने जनपदवासियों से अपील की है कि मौसम विभाग द्वारा जारी चेतावनियों को गंभीरता से लें तथा अनावश्यक यात्रा से बचें। तेज हवाओं एवं आंधी के दौरान पेड़ों, बिजली के खंभों, होर्डिंग तथा जर्जर भवनों से दूर रहें। आकाशीय बिजली चमकने के दौरान खुले मैदान, खेत, नदी, तालाब, झरनों एवं अन्य जलस्रोतों के पास न जाएं और पेड़ों के नीचे आश्रय न लें।

निचले एवं जलभराव वाले क्षेत्रों, मौसमी नालों तथा नदी-नालों के आसपास विशेष सावधानी बरतें। किसानों से अनुरोध है कि मौसम की स्थिति के अनुसार पकी हुई फसलों एवं खुले में रखे कृषि उत्पादों को सुरक्षित रखें तथा खेतों में जल निकासी की उचित व्यवस्था सुनिश्चित करें।

किसी भी आपातकालीन स्थिति में जिला आपदा नियंत्रण कक्ष के दूरभाष नंबर 05444-297645 अथवा आपदा हेल्पलाइन 1077 पर सूचना दें।

जिलाधिकारी ने जनपदवासियों से अपील है कि अफवाहों पर ध्यान न दें, केवल अधिकृत मौसम एवं प्रशासनिक सूचनाओं पर भरोसा करें और स्वयं तथा अपने परिवार को सुरक्षित रखें।


“सतर्क रहें। सुरक्षित रहें " -   जिलाधिकारी, सोनभद्र।

एक टिप्पणी भेजें

0 टिप्पणियाँ